
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को आईपीएल 2026 के शुरुआती 16 दिनों का कार्यक्रम जारी कर दिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा।
बीसीसीआई ने फिलहाल केवल पहले 16 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया है क्योंकि अप्रैल और मई के दौरान तमिलनाडु, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं। शेष मैचों का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।आईपीएल के पहले चरण में कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ में करेगी।

वहीं मुंबई इंडियंस 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा। इस चरण में दिल्ली में भी दो मैच खेले जाने हैं। आईपीएल के शुरुआती कार्यक्रम के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों में एक बार फिर टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ गया है।






