इटली के मिलान और कार्टिनो शहर में 6 से 22 फरवरी तक होने वाले विंटर ओलंपिक से एक हैरान करने वाली खबर आई है। ‘द सन’ के मुताबिक, विंटर ओलंपिक 2026 से जुड़े एक निर्माण स्थल के पास ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड की भीषण ठंड के कारण मौत हो गई। 55 वर्षीय सुरक्षाकर्मी पिएत्रो जांतोनीनी की -12 डिग्री सेल्सियस तापमान में हार्ट अटैक से जान चली गई। यह घटना इटैलियन आल्प्स के प्रसिद्ध रिसॉर्ट शहर कोर्टीना डी’अम्पेजो में गुरुवार रात करीब 2 बजे हुई।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिएत्रो एक निजी सुरक्षा एजेंसी के लिए 12 घंटे की नाइट शिफ्ट में तैनात थे। उनकी ड्यूटी एक ओलंपिक आइस एरीना के पास बन रहे निर्माण स्थल की निगरानी करना था। हर दो घंटे में उन्हें अपनी गर्म केबिन से बाहर निकलकर पूरे इलाके का निरीक्षण करना पड़ता था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात 2 बजे गश्त पर निकलने से पहले उन्होंने अपने सहकर्मियों से कहा था कि उन्हें ठीक महसूस नहीं हो रहा है। इसके कुछ ही देर बाद, वह बाहर बर्फ में गिर पड़े। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इमरजेंसी सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
फोंडाजियोने मिलानो कॉर्टिना 2026 के सीईओ एंड्रिया वार्नियर ने कहा,अब तक मिली जानकारी के अनुसार यह प्राकृतिक कारणों से हुई मौत है। यह हार्ट अटैक था और हम मामले की जांच कर रहे हैं। इटली के इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री मातेओ साल्विनी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अत्यधिक ठंड में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि क्या अत्यधिक ठंडे इलाकों में काम कर रहे कर्मचारियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं या नहीं।






