
fifth AshesTest : सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट मैच में मंगलवार को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने शानदार शतक लगाया। दिन का खेल समाप्त होने तक स्टीव स्मिथ 129 रन बनाकर क्रीज पर थे और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सात विकेट पर 518 रन बनाकर इंग्लैंड पर 134 रन की बढ़त ले ली है। स्मिथ के अलावा ओपनर ट्रेविस हेड ने भी 163 रनों की शानदार पारी खेली।
मंगलवार को स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक लगाकर कई रिकार्ड बनाए। यह सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर 13 टेस्ट मैचों में पांचवां शतक है और वह मैदान पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। एससीजी पर सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम हैं, जिन्होंने यहां 6 शतक लगाए हैं। इतना ही नहीं एशेज में उनके नाम 13 शतक हो गए हैं और वह दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनसे आगे केवल सर डॉन ब्रैडमैन हैं, जिन्होंने एशेज में 19 शतक लगाए हैं। एशेज में रन बनाने के मामले में भी स्मिथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। स्मिथ के 3682 रन हो गए हैं। सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड भी ब्रैडमैन के नाम हैं। उन्होंने एशेज में 5028 रन बनाए हैं।
अगर कुल टेस्ट शतकों की बात करें तो स्मिथ अब राहुल द्रविड़ से आगे निकल गए हैं। स्मिथ से आगे अब सचिन तेंदुलकर (51), जैक्स कैलिस (45), रिकी पोंटिंग (41), जो रूट (41) और कुमार संगकारा (38) हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 166 रन से दिन के खेल की शुरुआत की थी। हेड ने 91 रनों से पारी की शुरुआत करते हुए 105 गेंदों में चौके के साथ टेस्ट करियर का 12वां शतक लगाया। इसके बाद उन्होंने 152 गेंदों में 150 रन पूरे किए और ऑस्ट्रेलियाई पारी को मजबूती दी। उन्होंने नेसर, स्मिथ और ख्वाजा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके साथ ही वह एशेज में तीन शतक लगाने वाले ओपनर भी बन गए।





