Karnatka and Saurashtra enters in Semifinal: गत चैंपियन कर्नाटक और सौराष्ट्र ने बारिश से प्रभावित मुकाबलों में वीजेडी पद्धति (VJD Method) के जरिए जीत दर्ज करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली। कर्नाटक ने मुंबई को 54 रन से हराकर लगातार चौथी बार अंतिम चार में प्रवेश किया, जबकि सौराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को 17 रन से शिकस्त दी।
कर्नाटक बनाम मुंबई मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल और करूण नायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक ने 33 ओवर में एक विकेट पर 187 रन बना लिए थे, जब बारिश के कारण खेल रोक दिया गया। वीजेडी पद्धति के अनुसार उस समय लक्ष्य 132 रन था और कर्नाटक 55 रन आगे था, जिसके चलते उसे विजेता घोषित किया गया।
पडिक्कल ने 95 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 81 रन बनाए, जबकि अनुभवी करूण नायर ने 80 गेंदों में 74 रन की नाबाद पारी खेली।
दूसरे क्वार्टरफाइनल में सौराष्ट्र के कप्तान हार्विक देसाई के शतक ने उत्तर प्रदेश की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने 8 विकेट पर 310 रन बनाए। जवाब में सौराष्ट्र ने 40.1 ओवर में 3 विकेट पर 238 रन बना लिए थे, जब बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा और दोबारा शुरू नहीं हो सका। वीजेडी पद्धति के तहत सौराष्ट्र को 17 रन से विजेता घोषित किया गया।
सौराष्ट्र की ओर से देसाई ने 116 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने प्रेरक मांकड़ (67 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की। बाद में चिराग जानी (नाबाद 40) के साथ चौथे विकेट के लिए 76 रन की अटूट साझेदारी हुई।
इन जीतों के साथ कर्नाटक और सौराष्ट्र ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां अब खिताब की दौड़ और रोमांचक होने वाला है।




