Defending Champion Kyes into second round: डिफेंडिंग चैंपियन मैडिसन कीज ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए शानदार वापसी की और मंगलवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। पुरुष सिंगल्स में अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं ऑस्ट्रेलिन ओपन में अंतिम बार खेल रहे गेल मोनफिल्स को स्थानीय क्वालीफायर खिलाड़ी डेन स्वीनी ने हराकर सनसनी मचा दी।
नौवीं सीड कीज ने यूक्रेन की ओलेक्सांद्रा ओलिन्यकोवा को 7-6 (6), 6-1 से हराया। यह मुकाबला कीज के करियर का 50वां ग्रैंड स्लैम मैच था। पहले सेट में कीज 0-4 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने धैर्य और अनुभव का परिचय देते हुए मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंचाया और अंततः पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में उन्होंने पूरी तरह दबदबा बनाते हुए आसानी से जीत दर्ज की। ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रॉ में पहली बार खेल रहीं ओलिन्यकोवा ने भी शानदार संघर्ष किया। टाईब्रेक में उन्होंने 4-0 की बढ़त बनाई थी और दो सेट प्वाइंट भी हासिल किए, लेकिन वे इन मौकों का फायदा नहीं उठा सकीं।
मैच के बाद कीज ने कहा, शुरुआत में मैं काफी नर्वस थी, लेकिन जिस तरह से मैंने वापसी की और जीत दर्ज की, वह मेरे लिए बहुत खास है। उन्होंने ओलिन्यकोवा की भी तारीफ की, जिन्होंने मैच के बाद दर्शकों को ऑटोग्राफ दिए और कोर्ट पर यूक्रेन का झंडा लहराया।
टजेन ने लेयला को चौंकाया : इंडोनेशिया की जेनिस टजेन ने कनाडा की 22वीं वरीयता प्राप्त लेयला फर्नांडीज को 6-2, 7-6 (1) से हराया। वहीं चेक गणराज्य की टेरेजा वैलेंटोवा ने ऑस्ट्रेलिया की 30वीं वरीयता प्राप्त माया जॉइंट को 6-4, 6-4 से शिकस्त दी। पूर्व यूएस ओपन चैंपियन स्लोएन स्टीफंस को भी पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। कैरोलिना प्लिस्कोवा ने उन्हें 7-6 (7), 6-2 से बाहर का रास्ता दिखाया। स्टीफंस ने इस साल क्वालीफायर के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी।
पुरुष सिंगल्स में अमेरिकी बाएं हाथ के खिलाड़ी बेन शेल्टन ने फ्रांस के यूगो हंबर्ट को 6-3, 7-6 (2), 7-6 (5) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। शेल्टन पिछले साल इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। वहीं पांचवीं वरीयता प्राप्त इटली के लोरेंजो मुसेट्टी को बेल्जियम के राफेल कोलिग्नन के रिटायर होने के बाद अगले दौर में जगह मिली। कोलिग्नन ने ऐंठन और चक्कर आने की शिकायत के चलते चौथे सेट में मैच छोड़ दिया, जब मुसेट्टी 4-6, 7-6 (3), 7-5, 3-2 से आगे चल रहे थे।
स्वीनी ने दर्ज की करियर की सबसे बड़ी जीत
ऑस्ट्रेलिया के क्वालीफायर खिलाड़ी स्वीनी ने मोनफिल्स को 6(3)-7(7), 7-5, 6-4, 7-5 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। यह स्वीनी की ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में पहली जीत है और करियर की सबसे बड़ी जीत भी रही। पहला सेट टाईब्रेकर में हारने के बावजूद स्वीनी ने अगले तीन सेटों में मोनफिल्स को कोई मौका नहीं दिया और शानदार जीत दर्ज की।




