Allक्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: दिल्ली और उत्तर प्रदेश क्वार्टर फाइनल में, अमन ने बंगाल की उम्मीदों पर फेरा पानी

Delhi, UP enters quarter final:विजय हजारे ट्रॉफी में मंगलवार को उत्तर प्रदेश और दिल्ली ने शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ओपनर अभिषेक गोस्वामी (103) के शानदार शतक से उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले में विदर्भ को 54 रन से हराकर अपनी लगातार छठी जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 339 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में विदर्भ की टीम नौ विकेट पर 285 रन ही बना सकी।

हैदराबाद के अमन ने दोहरा शतक जड़ा, बंगाल को लगा जोर का झटका : अन्य मुकाबले में हैदराबाद के अमन राव ने दोहरा शतक लगाकर बंगाल की क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका दिया। अमेरिका में जन्में अमन ने केवल 109 गेंदों में 12 चौके और 13 छक्कों से अविजित 200 रन बनाए और हैदराबाद ने पांच विकेट पर 352 रन का स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने यह मैच 107 रनों से जीता।

दिल्ली पांच साल बाद नॉकआउट चरण में : रिषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली ने ग्रुप डी मुकाबले में रेलवे को छह विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली की छह मैचों में यह पांचवीं जीत है। इसके साथ ही दिल्ली ने पांच साल बाद विजय हजारे ट्राफी के नॉकआउट चरण में जगह बनाई है। इस मैच में दिल्ली के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रेलवे को 179 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद प्रियांश आर्य ने केवल 41 गेंद में 80 रनों की पारी खेल उसे आसान जीत दिलाई। प्रियांश ने 12 चौके व तीन छक्के जड़े। प्रियांश के अलावा सार्थक रंजन ने 33, नीतीश राणा ने 38 और रिषभ पंत ने 24 रन बनाए।

कर्नाटक ने लगाया जीत का छक्का : मयंक अग्रवाल (100) और देवदत्त पडिक्कल (91) की शानदार पारियों से कर्नाटक ने राजस्थान पर 150 रन की बड़ी जीत दर्ज की। कर्नाटक ने लगातार छठी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 324 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम 38 ओवर में 174 रन ही बना सकी।

Related Articles

Back to top button