Allअन्य खेल

Tata Steel Chess: विश्व चैंपियन गुकेश की बड़ी चूक भारी पड़ी, अब्दुसत्तोरोव ने हराकर बनाई बढ़त

Tata Steel Chess: विश्व चैंपियन डी. गुकेश को शनिवार को नीदरलैंड्स के शहर विज्क ऑन जी में चल रही टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में एक ऐसी हार का सामना करना पड़ा, जिसके लिए वह खुद को ही जिम्मेदार ठहरा सकते हैं। उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ मुकाबले में गुकेश एक क्षणिक ‘ब्लाइंड-स्पॉट’ का शिकार हो गए और एक अकल्पनीय गलती कर बैठे, जिसके बाद उन्हें तुरंत हार स्वीकार करनी पड़ी। यह वह स्थिति थी, जहां सही चालों के साथ गुकेश मुकाबले को ड्रॉ तक ले जा सकते थे। लेकिन कुछ सेकंड के लिए स्थिति को न भांप पाने की चूक ने पूरा खेल पलट दिया।

ग्रैंडमास्टर बनने के बाद यह गुकेश की पहली ऐसी बड़ी भूल मानी जा रही है। उनके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि यह अनुभव उनके करियर में एक अपवाद बनकर ही रह जाए।दिन के अन्य मुकाबलों में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को किस्मत का साथ मिला। जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के खिलाफ अर्जुन लगभग हार की कगार पर थे। ब्लूबाउम, जिन्होंने इस साल कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर सभी को चौंकाया है, एक आसान जीत की स्थिति में थे। लेकिन निर्णायक क्षणों में वह भी ‘ब्लाइंड-स्पॉट’ का शिकार हो गए और जीत दिलाने वाली सीधी चाल नहीं चल पाए। नतीजतन मुकाबला ड्रॉ रहा और अर्जुन ने राहत की सांस ली।

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद की जीत की तलाश भी जारी रही। 13 राउंड के इस लंबे टूर्नामेंट के लगभग मध्य में वह स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव के खिलाफ ड्रॉ खेलने पर मजबूर हुए। वहीं उज्बेकिस्तान के वर्ल्ड कप विजेता जावोखिर सिंदारोव भी अपनी जटिल रणनीतियों से बढ़त नहीं बना सके और अरविंद चिदंबरम ने उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया। छह राउंड के बाद अब्दुसत्तोरोव 4.5 अंकों के साथ स्पष्ट बढ़त बनाए हुए हैं। उनके पीछे सिंदारोव 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

अमेरिका के हैंस नीमन और जर्मनी के विन्सेंट कीमर 3.5 अंक लेकर संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं, जबकि गुकेश और अर्जुन सहित कई खिलाड़ी उनसे पीछे बने हुए हैं।टूर्नामेंट में अभी सात राउंड बाकी हैं और मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button