Allक्रिकेट

T-20 World Cup: नेपाल की हार, जीत की हैट्रिक से वेस्टइंडीज सुपर 8 में

वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से हराकर दर्ज की लगातार तीसरी जीत

WI vs NEP: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने नेपाल को नौ विकेट से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी की अर्धशतकीय पारी बेकार चली गई, जबकि वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने चार विकेट लेकर जीत की नींव रखी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर कुशल भुर्तेल पहले ही ओवर में बोल्ड हो गए, जबकि कप्तान रोहित पौडेल 5 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। सातवें ओवर तक नेपाल का स्कोर 23/4 हो चुका था। इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी ने लोकेश बाम और गुलशन झा के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की।

वेस्टइंडीज के गेंदबाज मैथ्यू फोर्ड ने लगातार चार ओवर फेंककर नेपाल के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। मध्य ओवरों में रन गति धीमी रही, लेकिन आखिरी ओवरों में ऐरी और सोमपाल कामी ने तेजी दिखाई। 18वें ओवर में कामी ने होल्डर पर लगातार तीन चौके जड़े, जबकि अगले ओवर में ऐरी ने शमर जोसेफ पर दो छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी तीन ओवरों में 44 रन आए, जिससे नेपाल 20 ओवर में 133/8 तक पहुंच सका।

जवाब में वेस्टइंडीज ने लक्ष्य का पीछा बेहद सहजता से किया। ब्रैंडन किंग ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर इरादे साफ कर दिए। पावरप्ले में 44 रन की साझेदारी के बाद किंग आउट हुए, लेकिन इसके बाद शिमरन हेटमायर और शाई होप ने नेपाल की गेंदबाजी को कोई मौका नहीं दिया।

हेतमायर ने संदीप लामिछाने के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और लंबा छक्का जड़ा। वहीं शाई होप ने 15वें ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अंततः वेस्टइंडीज ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर नौ विकेट से जीत दर्ज की और नेपाल को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

Related Articles

Back to top button