
पूर्व चैंपियन लक्ष्य सेन ने अपने मजबूत डिफेंस और संतुलित आक्रमण की बदौलत जापान के केंटा निशिमोतो को सीधे गेम में हराते हुए नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। हालांकि, दूसरे दौर में भारत के किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय को हार का सामना करना पड़ा, जिससे पुरुष एकल में भारतीय चुनौती सीमित रह गई।
लक्ष्य ने निशिमोतो को 21-19, 21-11 से मात दी। वहीं श्रीकांत को फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से 21-14, 17-21, 21-17 से पराजय झेलनी पड़ी, जबकि प्रणय को सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लोह कीन यू के खिलाफ 18-21, 21-19, 21-14 से हार मिली। महिला सिंगल्स में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई। मालविका बंसोड़ चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त हान यूए के सामने 21-18, 21-15 से हार गईं।
निशिमोतो के खिलाफ मुकाबले के पहले गेम में लक्ष्य सेन शुरुआत में लय में नहीं दिखे। वह 11-16 और फिर 14-18 से पीछे चल रहे थे, लेकिन शानदार रक्षात्मक खेल और लंबी रैलियों में धैर्य बनाए रखते हुए उन्होंने लगातार पांच अंक जुटाकर गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में लक्ष्य ज्यादा आत्मविश्वास से खेले और हाफ-स्मैश व सटीक ड्रॉप शॉट्स से जापानी खिलाड़ी को लगातार दबाव में रखा। 50 मिनट में मैच खत्म करते हुए लक्ष्य ने क्वार्टरफाइनल का टिकट कटाया। अब लक्ष्य का अगला मुकाबला चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा।






