
United Cup Tennis: पर्थ और सिडनी में होने वाला यूनाइटेड कप 2026 (United Cup) एक बार फिर टेनिस (Tennis) प्रशंसकों के लिए रोमांच लेकर आ रहा है। एटीपी टूर और डब्ल्यूटीए टूर के कई शीर्ष खिलाड़ी इस मिक्स्ड टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हैं। टूर्नामेंट का आयोजन 2 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक ऑस्ट्रेलिया में किया जाएगा।
मौजूदा चैंपियन संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम अपने खिताब का बचाव करेगी। टीम की अगुवाई महिला विश्व नंबर-3 कोको गॉफ और पुरुष विश्व नंबर-6 टेलर फ्रिट्ज करेंगे। वहीं, 2024 की विजेता जर्मनी की टीम में विश्व नंबर-3 अलेक्जेंडर ज्वेरेव और डेब्यू कर रही ईवा लिस शामिल हैं।
अन्य बड़े नामों में पोलैंड से इगा स्वियातेक और ह्यूबर्ट हुरकाज, ग्रीस से स्टेफानोस सितसिपास और मारिया सक्कारी, इटली से जैस्मिन पाओलिनी और फ्लावियो कोबोली, कनाडा से फेलिक्स ओजे-अलियासिमे और विक्टोरिया एमबोको, ग्रेट ब्रिटेन से एमा राडुकानू और जैक ड्रेपर, जापान की नाओमी ओसाका, ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनॉर और नॉर्वे के कैस्पर रूड शामिल हैं।
यह आउटडोर हार्ड कोर्ट टूर्नामेंट पर्थ के आरएसी (RAC) एरिना और सिडनी ओलंपिक पार्क टेनिस सेंटर (केन रोजवॉल एरिना) में खेला जाएगा। प्रतियोगिता में 18 देशों को छह समूहों में बांटा गया है। हर मुकाबले में एक पुरुष एकल, एक महिला एकल और एक मिक्स्ड डबल्स मैच खेला जाएगा।
कुल 11.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 98 करोड़ रुपये) की इनामी राशि इस टूर्नामेंट में दांव पर होगी। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 10 और 11 जनवरी को सिडनी में खेले जाएंगे।
यूनाइटेड कप 2026 नए साल की शुरुआत में ही विश्व टेनिस को नई ऊर्जा देने के लिए तैयार है।






