
South Africa Crush Tanzania By 329 Runs: विंडहूक में खेले गए अंडर-19 विश्व कप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने तंजानिया के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 329 रन से विशाल जीत दर्ज की। यह अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका की अब तक की सबसे बड़ी जीत रही।दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 397 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास में उनका सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर है। जेसन राउल्स ने 101 गेंदों पर शानदार 125 रन बनाए, जिसमें आक्रामक शॉट्स की भरमार रही।
कप्तान मुहम्मद बुलबुलिया ने भी रन प्रति गेंद की रफ्तार से 108 रन जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 176 गेंदों में 201 रन की साझेदारी हुई, जिसने तंजानिया के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर डाल दिया। बुलबुलिया के आउट होने के बाद पॉल जेम्स ने मैदान पर आते ही तूफानी अंदाज दिखाया और सिर्फ 18 गेंदों में 46 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए।ओपनरों से भी अहम योगदान मिलने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 397/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी तंजानिया की टीम दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 68 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के सभी पांच गेंदबाजों ने विकेट झटके। जेसन राउल्स और बयांडा माजोला ने दो-दो विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
329 रन की यह जीत न सिर्फ टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीतों में शामिल हो गई, बल्कि दक्षिण अफ्रीका के अंडर-19 क्रिकेट इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ गई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम ने अपनी ताकत का जबरदस्त प्रदर्शन किया।यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार उदाहरण बन गया





