
नागपुर के वीसीए स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 35 गेंदों में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिससे भारत ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 7 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जबाव में न्यूजीलैंड की टीम सात विकेट में 190 रन ही बना सकी और भारत ने 48 रन से मैच अपने नाम कर लिया। वनडे सीरीज जीतने वाली कीवी टीम टी-20 में आते ही भारत के सामने ढेर हो गई। इसी के साथ टीम इंडिया ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 35 गेंदों में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के दम पर भारत ने 7 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक ने 8 छक्के और 5 चौके लगाए, जिससे भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन) को भी खुलकर खेलने का मौका मिला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई।
हालांकि, भारत को शुरुआत में संजू सैमसन (10) और ईशान किशन (8) के रूप में झटके लगे। लेकिन अभिषेक ने क्रीज पर जमने के बाद आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने जैकब डफी के खिलाफ पहले संभलकर खेला, लेकिन फिर छक्कों की बरसात शुरू कर दी। अभिषेक की तेज बैट-स्पीड ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को बेबस कर दिया। रिंकू सिंह ने भी 20 गेंदों में 44 रन बनाकर भारत को 238 के स्कोर तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की टीम 190 रन ही बना सकी, जिसमें ग्लेन फिलिप्स ने 78 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज की शानदार शुरुआत की है। अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि वह टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं।






