
India vs Namibia: टी20 विश्व कप मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की, लेकिन यह प्रदर्शन उतना संतोषजनक नहीं रहा, जितनी उम्मीदें पाकिस्तान के खिलाफ अहम मैच से पहले की जा रही थीं। स्कोरबोर्ड पर यह भारत की विश्व कप में सबसे बड़ी जीत जरूर है, पर खेल के कई पहलुओं ने चिंता भी छोड़ी। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इशान किशन ने 24 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और कई शानदार चौके शामिल थे। उन्होंने तेज अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों पर 52 रन बनाकर अंत में आक्रामक अंदाज दिखाया। शिवम दुबे (23) ने भी उनका अच्छा साथ दिया और दोनों के बीच 6.3 ओवर में 81 रन की साझेदारी हुई। हालांकि नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 4/20 के प्रभावशाली स्पेल से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी साइड-आर्म एक्शन और अलग-अलग एंगल से की गई गेंदबाजी ने मध्यक्रम को असहज कर दिया। संजू सैमसन (22) ने तीन छक्कों से शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 12 रन बनाकर आउट हो गए।
जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। वरुण चक्रवर्ती (3/7) और हार्दिक पांड्या (2/21) ने शानदार गेंदबाजी की, जबकि अक्षर पटेल (2/20) ने भी अहम योगदान दिया। हालांकि नामीबिया ने बड़े शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
भारत को सुपर-8 में पहुंचने के लिए अब सिर्फ एक जीत की जरूरत है। फिर भी, यह मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मैच से पहले टीम के लिए चेतावनी की तरह है कि विपक्षी कप्तान इरास्मस जैसी अप्रत्याशित गेंदबाजी से सावधान रहना होगा।






