Allअन्य खेल

National Boxing : जादूमणि ने पंघाल को चौंकाया, निकहत और मीनाक्षी ने गोल्ड मेडल की ओर बढ़ाए कदम

National boxing championship: ग्रेटर नोएडा में चल रही नौवीं राष्ट्रीय एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप मेंजादुमणि सिंह ने शुक्रवार को अमित पंघाल को चौंकाते हुए फाइनल में जगह बनाई, जबकि स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन ने भी स्वर्ण पदक की ओर कदम बढ़ा दिए।

21 वर्षीय जादुमणि (55 किग्रा) ने निरंतर आक्रामकता, तेजी और लगातार पंचों की बदौलत दो बार के ओलंपियन और विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता पंघाल के खिलाफ सर्वसम्मत 5-0 का फैसला अपने नाम किया।जादुमणि ने पहले ही दौर से मुकाबले पर नियंत्रण बना लिया। उन्होंने हर कोण से पंचों की बौछार की, जबकि पंघाल ने सटीकता और काउंटर पंचिंग पर भरोसा किया।

मुकाबले के आगे बढ़ने के साथ जादुमणि का दबाव साफ दिखने लगा। पंघाल जादुमणि की स्टेमिना का मुकाबला नहीं कर पाए और लगातार पड़ते मुक्कों से जूझते रहे। एक मौके पर उनका माउथगार्ड भी गिर गया और उन्हें चोट भी लग गयी। पहले दो दौर को अपने नाम करने के बाद जादुमणि ने तीसरे दौर में रणनीति बदली। उन्होंने रिंग में घूमते हुए सधी हुई डिफेंस अपनाई और समझदारी से मुकाबले को समाप्त किया।

महिला वर्ग में दो बार की विश्व चैंपियन निकहत (51 किग्रा) ने दबदबा बनाए रखते हुए उत्तर प्रदेश की कुसुम भगेल को 4-1 के विभाजित निर्णय से हराया।

निकहत का अगला मुकाबला 2023 की विश्व चैंपियन नीतू घंघास से होगा, जिन्होंने अपने सेमीफाइनल में रेलवे की ज्योति को 4-0 से हराया था। मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा (48 किग्रा) ने आसानी से जीत हासिल करते हुए मलिका मोर को हराकर फाइनल में जगह बनाई

तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना (75 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की इमरोज खान को 5-0 से मात दी।

Related Articles

Back to top button