
Under 19 Asia Cup : दुबई में रविवार को खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में लचर बल्लेबाजी के चलते भारतीय टीम को पाकिस्तान 191 रन से शर्मनाक हार झेलने को मिली और इसके साथ ही भारत का रिकार्ड 9वीं बार खिताब जीतने का सपना भी टूट गया। इसके साथ ही पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने दूसरी बार ट्राफी अपने नाम की। इससे पहले पाकिस्तान 2012 में भारत के साथ संयुक्त रूप से विजेता बना था।
मिन्हास का शतक : भारतीय टीम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन ओपनर समीर मिन्हास के 172 रन की रिकार्ड पारी के दम पर पाकिस्तानी टीम ने 348 रन का लक्ष्य रखा। मिन्हास के अलावा अहमद हुसैन ने 59 रन की पारी खेली। जवाब में वैभव सूर्यवंशी (26) और आयुष म्हात्रे (2) जैसे आइपीएल सितारों के होते हुए भी भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और पूरी टीम 156 पर ढेर हो गई।
इस मैच में पीसीबी के चेयरमैन और एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी मौजूद रहे और स्टैंड में भारत का विकेट गिरने पर खुशी मनाते दिखे। सीनियर एशिया कप में भारतीय टीम ने नकवी से ट्राफी लेने से मना कर दिया था, जिसके बाद वह ट्राफी अपने साथ ही ले गए थे।






