
Gukesh Draw with Arjun: टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के तीसरे दौर में भारत के शीर्ष वरीय अर्जुन एरिगेसी और मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के बीच मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी रणनीतिक जंग देखने को मिली, लेकिन आखिरकार कोई भी खिलाड़ी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका।
अर्जुन ने आक्रामक खेलने के बजाय सतर्क रणनीति अपनाई, जबकि गुकेश ने बेहतरीन तैयारी दिखाते हुए अपने राजा की सुरक्षा सुनिश्चित की और क्वीन साइड पर हुए प्यादों के हमलों को अच्छी तरह संभाला। गुकेश की मजबूत रक्षा के चलते अर्जुन को जोखिम लेने का मौका नहीं मिला और अंततः दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
इस बीच जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम ने अपने हमवतन विंसेंट कीमर को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ब्लूबाउम तीन में से दो अंक लेकर लीडर्स ग्रुप में शामिल हो गए।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अरविंद चिथंबरम ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ एक और ड्रॉ खेला। अरविंद की ओपनिंग ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही, जिससे अब्दुसत्तोरोव ने आसानी से बराबरी बना ली और मुकाबला जल्दी समाप्त हो गया। आर. प्रज्ञाननंदा ने शानदार वापसी के संकेत दिए। टूर्नामेंट की शुरुआती दो हार के बाद वह चेक गणराज्य के थाई डाई वान गुयेन के खिलाफ अपनी पहली जीत की ओर बढ़ते नजर आए।
तीन राउंड के बाद अर्जुन एरिगेसी, अब्दुसत्तोरोव, हैंस नीमन और मैथियास ब्लूबाउम दो-दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। लीडर्स और दूसरे स्थान के खिलाड़ियों के बीच सिर्फ आधे अंक का अंतर है, जिससे आने वाले राउंड और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।






