Allफुटबॉल

Appeal : भारतीय फुटबॉल को बचाने के लिए सुनील छेत्री समेत कई खिलाड़ियों की अपील, फीफा से दखल देने की मांग

Crisis in Indian Football : इंडियन सुपर लीग (ISL) का भविष्य अब भी अनिश्चित बना हुआ है। इस बीच भारत के सीनियर फुटबॉलरों और कुछ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने खेल की वैश्विक संस्था फीफा (FIFA) से हस्तक्षेप की अपील की है।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में देश में पेशेवर फुटबॉल गंभीर संकट से गुजर रहा है और तत्काल समाधान जरूरी है। भारतीय फुटबॉल के प्रमुख चेहरों गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू (Gurpreet Singh Sandhu), डिफेंडर संदेश झिंगन (Sandesh Jhingan) और पूर्व कप्तान सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) ने एक साझा वीडियो संदेश जारी किया।

गुरप्रीत ने कहा कि जनवरी का महीना है और हमें आइएसएल में प्रतिस्पर्धी फुटबॉल खेलते हुए आपकी स्क्रीन पर होना चाहिए था। वहीं झिंगन ने कहा, आज हम डर और असमंजस के माहौल में अपनी बात रखने को मजबूर हैं। छेत्री ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों, स्टाफ, मालिकों और प्रशंसकों सबको स्पष्टता, सुरक्षा और भविष्य चाहिए।

खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (All India Football Federation) अपनी जिम्मेदारियां निभाने में असमर्थ दिख रही है और खेल स्थायी ठहराव की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इसे राजनीतिक नहीं, बल्कि आवश्यकता से उपजा कदम बताया और चेताया कि यह एक मानवीय, खेल और आर्थिक संकट है।

उधर, एआईएफएफ को इंडियन सुपर लीग के लगभग सभी क्लबों से पत्र मिले हैं, जिनमें 2025–26 सत्र में भागीदारी की इच्छा जताई गई है। क्लबों ने प्रशासनिक शुल्क न लेने, कम सत्र से जुड़े संचालन खर्च की जिम्मेदारी एआईएफएफ द्वारा लेने, समयबद्ध सुधार रोडमैप और सरकारी सहायता जुटाने की मांग भी रखी है।

Related Articles

Back to top button