Erigaisi Beats Praggananandha: शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने हमवतन आर. प्रज्ञाननंदा को हराकर टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। वहीं मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को पहले दौर में उज्बेकिस्तान के विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
पर्यावरण कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के कारण मुकाबले तय समय पर शुरू नहीं हो सके, लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, दर्शकों को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित शतरंज टूर्नामेंटों में से एक में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
टूर्नामेंट की पहली जीत अमेरिका के हैंस मोके नीमन ने दर्ज की, जिन्होंने स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव को मात दी। जर्मनी के विन्सेंट कीमर दिन के दूसरे विजेता बने, जिन्होंने नीदरलैंड के स्टार खिलाड़ी अनीश गिरी को हराया। पहले दौर के बाद एरिगैसी, कीमर और नीमन एक-एक अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जबकि गुकेश समेत सात खिलाड़ी आधा अंक लेकर उनके पीछे चल रहे हैं।
अपने करीबी दोस्त प्रज्ञाननंदा के खिलाफ एरिगेसी ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। प्रज्ञाननंदा की शुरुआती गलती के कारण उनका राजा असुरक्षित स्थिति में फंस गया, जिसका एरिगैसी ने भरपूर फायदा उठाया और सिर्फ 32 चालों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गुकेश भी जीत के बेहद करीब पहुंचे थे, लेकिन सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव के खिलाफ मजबूत स्थिति को निर्णायक बढ़त में नहीं बदल सके। यह मुकाबला दिन का सबसे लंबा रहा और 78 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत के एक अन्य खिलाड़ी अरविंद चिदंबरम ने भी जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के खिलाफ ड्रॉ खेलते हुए टूर्नामेंट की शुरुआत की।
अन्य मुकाबलों में तुर्की के यागिज कान एर्दोगमस और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव के बीच ड्रॉ रहा, जबकि नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट और चेक गणराज्य के थाई दाई वान गुयेन के बीच भी मुकाबला बराबरी पर छूटा।






