Allक्रिकेट

T-20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण पैट कमिंस हुए बाहर

कमिंस की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को टीम में शामिल

आगामी टी20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जिसके चलते चयनकर्ताओं को 15 सदस्यीय टीम में अहम बदलाव करने पड़े हैं। कमिंस की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को टीम में शामिल किया गया है।

32 वर्षीय कमिंस पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और इस कारण वे 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। कमिंस को पहले ऑस्ट्रेलिया की अस्थायी टीम में चुना गया था, लेकिन मेडिकल सलाह के बाद उन्हें अंतिम टीम से बाहर रखने का फैसला किया गया।

इसके अलावा, शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट को भी शुरुआती 15 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है। रेनशॉ ने हाल के समय में सभी प्रारूपों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और सीमित ओवरों के क्रिकेट में विभिन्न भूमिकाओं में अपनी उपयोगिता साबित की है।

चयन समिति के अध्यक्ष टोनी डोडेमेड ने कहा, पैट की पीठ की चोट को पूरी तरह ठीक होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में बेन ड्वारशुइस एक तैयार विकल्प हैं, जो बाएं हाथ से तेज़ गेंदबाजी के साथ शानदार फील्डिंग और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

इस बीच, जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। हेजलवुड पैर की चोट के कारण एशेज से पहले बाहर हो गए थे, जबकि डेविड और एलिस मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बिग बैश लीग और पाकिस्तान दौरे से चूक गए थे।

ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा।

Related Articles

Back to top button