
टी20 विश्व कप के अहम ग्रुप मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 30 रन से हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में शेरफेन रदरफोर्ड की विस्फोटक पारी और गुडाकेश मोती की प्रभावी स्पिन गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 79 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे मुश्किल हालात में रदरफोर्ड ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल थे। जेसन होल्डर (33 रन) के साथ उनकी तेज साझेदारी ने अंतिम दस ओवरों में मैच का रुख बदल दिया। कैरेबियाई टीम ने आखिरी दस ओवरों में 117 रन जोड़कर 196/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इंग्लैंड ने आक्रामक शुरुआत की। फिल सॉल्ट (30 रन) ने तेजी दिखाई, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान हैरी ब्रूक (17), जोस बटलर (21) और जैकब बेथेल (33) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। स्पिनर गुडाकेश मोती ने 3 विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने टॉम बैंटन और बेथेल को आउट कर मैच का रुख बदल दिया।
रॉस्टन चेस और अकील होसेन ने भी किफायती गेंदबाजी से दबाव बनाए रखा ।इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में 166 रन पर सिमट गई। सैम करन 43 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने ग्रुप चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।






