
Icc rejects Bcb Demands: मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी-20 विश्व कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजने और उसके मैचों को भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी, जिसे जय शाह की अध्यक्षता वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मानने से इन्कार कर दिया है। Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार,आईसीसी ने फिलहाल यथास्थिति बनाए रखी है और उसका मानना है कि भारत में बांग्लादेश की टीम की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस या विश्वसनीय इनपुट नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी और बीसीबी के बाच मंगलवार को ऑनलाइन बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में बीसीबी प्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि आईसीसी के पास ऐसा कोई इनपुट नहीं है, जिससे यह संकेत मिले कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों या अधिकारियों को कोई खतरा है।
दरअसल, 4 जनवरी को बीसीबी ने एक आपात बैठक के बाद आईसीसी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि बांग्लादेश के सभी टी20 विश्व कप मैचों को भारत के बाहर किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा और भलाई” सुनिश्चित की जा सके। बीसीबी ने यह भी कहा था कि टीम को सुरक्षित और उपयुक्त माहौल में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का अवसर मिलना चाहिए।
आईसीसी की ओर से अंतिम निर्णय 10 जनवरी तक बीसीबी को सूचित किए जाने की संभावना है।
टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश को ग्रुप सी के तीन मैच कोलकाता में खेलने हैं और उसका एक मैच मुंबई में होना है। कार्यक्रम के अनुसार, कोलकाता के ईडन गार्डेंस में 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ। इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल से मुकाबला होना है।






