
Austrailan Open:विश्व नंबर एक कार्लोस अल्काराज और पिछले साल की रनरअप एरिना सबालेंका ने साल के पहले ग्रैंडस्लैम में अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत से की। पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में अल्काराज ने आस्ट्रेलिया के एडम वॉल्टन को 6-3, 7(7)-6(6), 6-2 से हराया।
महिला सिंगल्स में विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी सबालेंका ने धीमी शुरुआत से उबरकर दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का नया रिकार्ड बनाने वाली वीनस विलियम्स को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा।
सबालेंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने पहले तीन गेम गंवा दिए। इसके बाद हालांकि उन्होंने जल्द ही लय हासिल करके तियांतसोआ राकोटोमांगा राजाओनाह को 6-4, 6-1 से हरा दिया। दिग्गज खिलाड़ी रॉड लेवर और रोजर फेडरर भी इस मैच को देखने के लिए दर्शकों के बीच उपस्थित थे।
ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं वीनस
वीनस वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में 45 साल की उम्र में महिला सिंगल्स का मैच खेलने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई है लेकिन उन्हें तीन सेट तक चले मैच में ओल्गा डैनलोविच से 7-6 (5), 3-6, 4-6 से पराजय झेलनी पड़ी। वीनस ने सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने के रिकॉर्ड के मामले में जापान की किमिको दाते (44 साल) को पीछे छोड़ा।






