Allक्रिकेट
Trending

T-20 World Cup: आईसीसी का बांग्लादेश को अल्टीमेटम, खेलने पर 21 तक बताओ नहीं तो बाहर जाओ

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ( आईसीसी) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को साफ चेतावनी दी है कि अगर वह 21 जनवरी तक भारत में होने वाले टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी को लेकर फैसला नहीं करता है, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है और उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होना है। यह संकट उस समय गहराया जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से हटा दिया गया। इसके बाद से ही बीसीबी भारत में मैच नहीं खेलने की मांग पर अड़ा है।

इसके बाद से ही आईसीसी और बीसीबी के बीच लगातार बातचीत चल रही है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। सूत्रों ने बताया कि आईसीसी ने बीसीबी अधिकारियों से 21 जनवरी तक भागीदारी पर निर्णय लेने को कहा गया है। अगर वे भारत यात्रा से इनकार करते हैं, तो उन्हें रैंकिंग के आधार पर किसी अन्य टीम से बदला जा सकता है।

बीसीबी ने सुरक्षा चिंताओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान का हवाला देते हुए घोषणा की है कि उसकी राष्ट्रीय टीम कोलकाता और मुंबई में होने वाले ग्रुप मैच खेलने भारत नहीं जाएगी।हालांकि टूर्नामेंट का कार्यक्रम पहले ही तय हो चुका है और आईसीसी बांग्लादेश के मैचों को सह-मेज़बान श्रीलंका स्थानांतरित करने के पक्ष में नहीं है। भारत-पाकिस्तान का हाई-प्रोफाइल मुकाबला पहले से तय समझौते के तहत श्रीलंका में होगा।

अगर बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा सकता है, जो वर्तमान रैंकिंग में अगली पात्र टीम है। बांग्लादेश को तीन लीग मैच कोलकाता और एक मुंबई में खेलना था।बीसीबी चाहता है कि या तो उसके मैचों का स्थान बदला जाए या फिर उसे ग्रुप बदलकर श्रीलंका भेजा जाए। फिलहाल बांग्लादेश ग्रुप C में है, जहां उसके साथ वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल हैं।

बीसीबी ने की थी ग्रुप बदलने की मांग: ढाका में हुई हालिया बैठक में बीसीबी ने प्रस्ताव रखा कि बांग्लादेश को आयरलैंड से बदलकर ग्रुप B में भेजा जाए, जहां श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे हैं। इससे टीम को पूरे टूर्नामेंट के दौरान श्रीलंका में ही रहने का मौका मिल जाएगा।आईसीसी की सुरक्षा रिपोर्ट में बांग्लादेश टीम के लिए भारत में किसी विशेष खतरे का जिक्र नहीं है, लेकिन भारत-बांग्लादेश संबंध हाल के समय में तनावपूर्ण रहे हैं, खासकर बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद।

पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इस मुद्दे पर बेहद सख्त रुख अपनाने से बचने की सलाह दी है। तमीम का कहना है कि आज लिए गए फैसलों का असर अगले 10 सालों तक पड़ेगा।अब सबकी नजर 21 जनवरी पर है, जब बांग्लादेश को अपना अंतिम फैसला सुनाना होगा।

Related Articles

Back to top button