
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने रविवार को स्पष्ट किया कि टी20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा का मतलब यह नहीं है कि पाकिस्तान ने अगले महीने होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का अंतिम फैसला कर लिया है। नकवी ने दोहराया कि बोर्ड अब भी पाकिस्तान सरकार की राय का इंतजार कर रहा है और उसी के आधार पर विश्व कप में भागीदारी पर निर्णय लिया जाएगा।
नकवी ने कहा कि भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर पीसीबी सरकार के निर्देशों का पालन करेगा। उन्होंने टीम चयन के बाद खिलाड़ियों और मुख्य कोच माइक हेसन के साथ हुई बैठक में यह बात कही। नकवी ने खिलाड़ियों को बताया, हम सरकार की सलाह का इंतज़ार कर रहे हैं। सरकार जो भी कहेगी, हम वही करेंगे। अगर सरकार नहीं चाहती कि हम टी20 वर्ल्ड कप खेलने जाएं, तो हम उसके निर्देश का पालन करेंगे।
आईसीसी ने शनिवार को बांग्लादेश को आगामी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था। इस फैसले के बाद पीसीबी ने बांग्लादेश के समर्थन में कड़ा रुख अपनाया था।रविवार को पाकिस्तान ने सलमान अली आगा की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।
बैठक के दौरान नक़वी ने खिलाड़ियों को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़े घटनाक्रम और इस मुद्दे पर पीसीबी की नीति से अवगत कराया। इसके बाद पीसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि खिलाड़ियों ने बांग्लादेश के समर्थन में बोर्ड के सैद्धांतिक रुख का समर्थन किया है।
नकवी ने खिलाड़ियों से कहा कि भारत में मैच खेलने से इनकार करना बांग्लादेश का एक सैद्धांतिक फैसला था। उन्होंने आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। पीसीबी के बयान के अनुसार नकवी ने कहा, हम आईसीसी के दोहरे रवैये को सख्ती से खारिज करते हैं। खेल को उसकी भावना और सिद्धांतों के अनुसार चलाया जाना चाहिए।






