
Malaysia Open Badminton: लक्ष्य सेन और पी वी सिंधू समेत भारतीय खिलाड़ी मंगलवार से कुआलालंपुर में शुरू हो रहे 2026 सीजन के पहले टूर्नामेंट मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उतरेंगे तो उनकी नजरें मजबूती से शुरूआत करने पर लगी होंगी। पिछला सीजन भारतीय बैडमिंटन के लिए कुछ खास नहीं रहा। चोटों से कई शीर्ष खिलाड़ी जूझते रहे। मलेशिया ओपन में अगर भारतीय शटलरों का प्रदर्शन अच्छा रहता है तो 13 जनवरी से होने वाले इंडिया ओपन में उनसे काफी उम्मीदें बढ़ जाएंगी।
लक्ष्य पर होंगी नजरें : पेरिस ओलंपिक के बाद लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे लक्ष्य सेन ने 2025 में आस्ट्रेलियाई ओपन जीता था। अलमोड़ा के 24 वर्ष के लक्ष्य हांगकांग ओपन के फाइनल में भी पहुंचे थे। ऐसे में मलेशिया ओपन के पुरुष सिंगल्स में उनसे सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी। यूएस ओपन सुपर 300 खिताब जीतने वाले युवा आयुष शेट्टी का सामना पहले दौर में पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मलेशिया के ली जी जिया से होगा ।
वापसी को तैयार सिंधू छ दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू के लिये पिछला साल निराशाजनक रहा । पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू पैर की चोट के कारण अक्टूबर के बाद से खेल नहीं सकी हैं। वह पहले दौर में चीनी ताइपै की सुंग शुओ युन से खेलेंगी। उनके अलावा महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ भी भारतीय चुनौती पेश करेंगी।
डबल्स में सभी की नजरें सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पर होंगी, जो पिछले साल हांगकांग ओपन और चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंची थी और विश्व चैम्पियनशिप में दूसरी बार कांस्य जीता। एशियाई खेल चैंपियन जोड़ी का सामना पहले दौर में चीनी ताइपै के ली झे हुइ और यांग पो सुआन से होगा । महिला डबल्स में गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली का पहले दौर में सामना इंडोनेशिया की फेबरियाना डी कुसुमा और मेलिसा त्रियास पुष्पितासारी से होगी ।






