Allक्रिकेट
Trending

India vs Srilanka : शेफाली और मंधाना की रिकार्ड बल्लेबाजी, भारतीय टीम ने 30 रन से जीता मैच

Ind vs SL 4th T-20: शेफाली वर्मा (79) और स्मृति मंधाना (80) की ओपनिंग जोड़ी ने रविवार को तिरुअनंतपुरम में पहले विकेट के लिए रिकार्ड साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत ने टी-20 में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। शेफाली और स्मृति ने पहले विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी की, जो टी-20 में भारत की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले ये रिकार्ड 143 रन का था, जो शेफाली और स्मृति ने ही 2019 में वेस्टइंडीज की टीम के विरुद्ध बनाया था। इस जोड़ी की रिकार्ड साझेदारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने दो विकेट पर 221 रन का स्कोर खड़ा किया, जो टी-20 में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर चार विकेट पर 217 रन था, जो उसने पिछले साल वेस्टइंडीज के विरुद्ध थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 6 विकेट पर 191 रन ही बना सकी और भारत ने 30 रन से मैच जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली है।

इससे पहले, शेफाली ने 30 गेंदों में लगातार तीसरा टी-20 अर्धशतक लगाया। इस मामले में अब मंधाना और मिताली राज ही उनसे आगे हैं, जिनके नाम टी-20 में लगातार चार अर्धशतक का रिकार्ड है। शेफाली ने 46 गेंद की अपनी पारी में 12 चौके व एक छक्का जड़ा। वहीं स्मृति ने 48 गेंदों में 11 चौके व तीन छक्के जड़े। दोनों ने चौथी बार 100 रन से ज्यादा की साझेदारी की। विकेटकीपर रिचा घोष ने केवल 16 गेंद में 40 रन की धुआंधार पारी खेली और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े।

मंधाना ने पूरे किए 10000 रन, दूसरी भारतीय बनीं
सातवें ओवर में अपना 27वां रन लेते ही स्मृति ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन का आंकड़ा छू लिया। वह ये उपलब्धि हासिल करने वाली चौथी बल्लेबाज हैं। स्मृति के नाम अब 10053 रन हो गए हैं। उनसे पहले भारत की मिताली राज (10868), न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10652), इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स (10273) ये उपलब्धि प्राप्त कर चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button