
तेज गेंदबाज नाहिद राणा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने पहले वनडे में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। ढाका में खेले गए इस मुकाबले में राना ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
पाकिस्तान की टीम सिर्फ 114 रन पर ऑलआउट हो गई, जो बांग्लादेश के खिलाफ उसका वनडे में सबसे कम स्कोर है। इससे पहले पाकिस्तान का न्यूनतम स्कोर 161 रन था, जो उसने 1999 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था।बांग्लादेश की ओर से राना ने 5 विकेट लेकर 24 रन दिए, जबकि कप्तान मेहदी हसन मिराज ने ऑफ स्पिन से 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को जल्दी समेटने में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान की शुरुआत हालांकि ठीक रही थी। पदार्पण कर रहे साहिबजादा फरहान (27) और माज सदाकत (18) ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दी। लेकिन इसके बाद नाहिद राना ने अपने तेज और उछाल भरी गेंदों से पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया।राना ने अपने पहले पांच ओवर में ही पांच विकेट झटक लिए, जिसमें सलमान अली आगा, शामिल हुसैन और रिजवान के विकेट भी शामिल थे। रिजवान का शानदार कैच विकेटकीपर लिटन दास ने डाइव लगाकर पकड़ा।
पाकिस्तान की टीम 82 रन तक नौ विकेट गंवा चुकी थी। अंत में फहीम अशरफ ने 37 रन बनाकर कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की।115 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने आक्रामक बल्लेबाजी की।
सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन ने शानदार नाबाद 67 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के लगाए।तंजीद ने नजमुल शांतो (27) के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 रन की तेज साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बांग्लादेश ने 15.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज में बढ़त बना ली है। सीरीज के बाकी दो मुकाबले भी ढाका में शुक्रवार और रविवार को खेले जाएंगे।






