Barcelona wins Super cup trophy : एल क्लासिको की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता में एक और रोमांचक अध्याय जुड़ गया, जब राफिन्हा के दो गोल की बदौलत बार्सिलोना ने स्पेनिश सुपर कप के फाइनल में रीयल मैड्रिड को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला रविवार देर रात सऊदी अरब में खेला गया और अंत तक सांसें थाम देने वाला साबित हुआ। एल क्लासिको में बार्सिलोना की यह लगातार सफलता दिखाती है कि इस ऐतिहासिक राइवलरी में फिलहाल पलड़ा कैटलन क्लब का भारी है।
73वें मिनट में राफिन्हा ने संयोग से लेकिन निर्णायक गोल दागा। शॉट मारते वक्त वह फिसल गए, गेंद रियल के डिफेंडर राउल असेंसियो से टकराई और गोलकीपर थिबाउट कर्टोइस को छकाते हुए जाल में जा लगी। इसी गोल ने बार्सिलोना को जीत दिलाई।
पहले हाफ का अंत भी एल क्लासिको की परंपरा के मुताबिक बेहद नाटकीय रहा। स्टॉपेज टाइम में तीन गोल हुए, इनमें दो रीयल मैड्रिड ने किए और एक बार्सिलोना ने। इससे पहले 36वें मिनट में राफिन्हा के शानदार फिनिश ने बार्सा को बढ़त दिलाई थी, जबकि रॉबर्ट लेवांडोस्की ने भी गोल कर स्कोरबोर्ड को मजबूती दी।
रीयल मैड्रिड की ओर से विनीसियस जूनियर और गोंजालो गार्सिया ने गोल किए, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी। घुटने की चोट से उबर रहे काइलियन एमबाप्पे 76वें मिनट में मैदान पर उतरे, पर उनका प्रभाव सीमित रहा।
पिछले साल के सुपर कप फाइनल में भी बार्सिलोना ने रियल को 5-2 से हराया था और उस मैच में भी राफिन्हा ने दो गोल किए थे। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने रिकॉर्ड 16वां स्पेनिश सुपर कप खिताब जीता, जबकि रीयल मैड्रिड 13 ट्रॉफी के साथ दूसरे स्थान पर है।






