Allअन्य खेल

RIP: पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष आईएस बिंद्रा का निधन, 1987 विश्व कप को भारत में आयोजित करने में थी बड़ी भूमिका

IS Bindra Passed Away: पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट प्रशासन के दिग्गज इंदरजीत सिंह बिंद्रा का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बिंद्रा ने 1993 से 1996 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वह 1978 से 2014 तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के अध्यक्ष रहे।

क्रिकेट प्रशासन में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में वर्ष 2015 में पीसीए स्टेडियम का नाम बदलकर आई. एस. बिंद्रा स्टेडियम रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट प्रशासन के स्तंभ श्री आई. एस. बिंद्रा के निधन पर गहरी संवेदनाएं। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। ओम शांति।”

बिंद्रा वास्तव में भारतीय क्रिकेट प्रशासन के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने वर्ष 1975 में एक अधिकारी के रूप में क्रिकेट से अपना जुड़ाव शुरू किया था। उन्हें विशेष रूप से 1987 विश्व कप के आयोजन में उनकी अहम भूमिका के लिए याद किया जाता है, जिसे तब रिलायंस कप के नाम से जाना जाता था। यह पहली बार था जब क्रिकेट विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड से बाहर हुआ; इससे पहले 1975, 1979 और 1983 के संस्करण इंग्लैंड में खेले गए थे।

Related Articles

Back to top button