Kylian mbappe injured:स्पेनिश दिग्गज क्लब रीयल मैड्रिड को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार स्ट्राइकर काइलियन एमबाप्पे बाएं घुटने की चोट के कारण आने वाले कुछ हफ्तों तक मैदान से दूर रह सकते हैं, जिससे क्लब की योजनाओं पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। क्लब ने एक संक्षिप्त आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि एमबाप्पे के बाएं घुटने में मोच आई है, हालांकि उनकी वापसी की संभावित समय-सीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
फ्रांस के अखबार एलइक्विप ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि एमबाप्पे को कम से कम तीन हफ्तों तक मैदान से दूर रहना पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, एमबाप्पे पिछले कुछ समय से घुटने के पिछले हिस्से में लिगामेंट से जुड़ी परेशानी झेल रहे थे। बुधवार सुबह कराए गए एमआरआई स्कैन में चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें आराम और उपचार की सलाह दी है।
एमबाप्पे इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे थे और उनकी चोट रीयल मैड्रिड के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। इस महीने की शुरुआत में उन्होंने 2025 कैलेंडर वर्ष में क्लब के लिए अपना 59वां गोल दागा था, जिससे उन्होंने रीयल मैड्रिड की ओर से एक साल में सर्वाधिक गोल करने के मामले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी।
एमबाप्पे की अनुपस्थिति में रीयल मैड्रिड को अपने आक्रमण विभाग में बदलाव करने पड़ सकते हैं, खासकर अहम घरेलू और यूरोपीय मुकाबलों से पहले। क्लब का मेडिकल स्टाफ उनकी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस को लेकर और अपडेट दिए जाने की उम्मीद है।फिलहाल, मैड्रिड के प्रशंसक यही उम्मीद कर रहे हैं कि उनका स्टार खिलाड़ी जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेगा।




