T20 World Cup : भारत ने रचा नया इतिहास, लगातार दूसरी और कुल तीसरी ट्रॉफी पर कब्जा
इस जीत के साथ ही भारत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप नहीं जीत पाई थी, लेकिन भारतीय टीम ने इस इतिहास को बदल दिया। भारत ने अपनी सातवीं आईसीसी ट्रॉफी भी हासिल की।

T20 World Cup Final: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इसके साथ ही भारत इस टूर्नामेंट को लगातार दो बार जीतने वाली पहली टीम बन गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत टीम की शानदार प्रतिभा, मजबूत इरादों और बेहतरीन टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने जिस साहस और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया, उससे हर भारतीय का दिल गर्व से भर गया है।
इस जीत के साथ ही भारत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप नहीं जीत पाई थी, लेकिन भारतीय टीम ने इस इतिहास को बदल दिया। भारत ने अपनी सातवीं आईसीसी ट्रॉफी भी हासिल की।
फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सात विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा (52) ने भी अर्धशतक जमाए। शिवम दुबे ने 26 रन बनाकर टीम को मजबूत अंत दिया।
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम इस विशाल लक्ष्य के दबाव में बिखर गई और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया, जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके।
यह जीत भारत के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि इसी मैदान पर 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दो साल बाद उसी मैदान पर भारतीय टीम ने जीत का जश्न मनाया और पुराने जख्मों पर मरहम लगाया।
पिछले तीन वर्षों में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफियां जीती हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में यह टीम की पहली आईसीसी ट्रॉफी है। कोच गौतम गंभीर भी अब उन चुनिंदा कोचों में शामिल हो गए हैं जिनके मार्गदर्शन में भारत ने दो आईसीसी खिताब जीते हैं।






