Cash Bonanza for U-19 Champions:चैंपियन पाकिस्तानी टीम पर धनवर्षा, हर खिलाड़ी को मिले कितने पैसे जानिए?

Under-19 Asia Cup: दुबई में अंडर-19 एशिया कप (Under-19 Asia Cup) जीतकर इतिहास रचने वाली पाकिस्तानी टीम पर इनामों की बरसात हुई है। पाकिस्तान सरकार ने युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को सराहते हुए बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक करोड़ रुपये का विशेष नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। यह घोषणा इस्लामाबाद में टीम और सहयोगी स्टाफ के लिए आयोजित एक भव्य स्वागत समारोह के दौरान की गई।
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने रविवार को दुबई में खेले गए फाइनल में भारत को 191 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के बाद देशभर में टीम की जमकर सराहना हुई। टीम के मेंटर और मैनेजर सरफराज अहमद ने समारोह के बाद मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए यह ऐतिहासिक फैसला लिया है।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी खिलाड़ियों को बड़ी राशि देने की घोषणा कर चुके थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, पीसीबी की ओर से एशिया कप जीतने वाली जूनियर टीम के हर खिलाड़ी को 50-50 लाख रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया गया था। इस तरह खिलाड़ियों को सरकार और बोर्ड दोनों स्तरों पर जबरदस्त प्रोत्साहन मिला है।
पाकिस्तानी टीम के स्वदेश लौटने पर इस्लामाबाद एयरपोर्ट (islamabad airport)पर उनका जोरदार स्वागत किया गया, जो आमतौर पर सीनियर टीमों को मिलता है। फाइनल में 172 रन की शानदार पारी खेलने वाले समीर मिन्हास और चार विकेट झटकने वाले तेज गेंदबाज अली रजा को पाकिस्तान क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य माना जा रहा है।




