Allक्रिकेट
Trending

Mustafizur controversy: बांग्लादेश टी 20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं भेजेगा अपनी टीम

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने के बाद भारत–बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में आई तल्खी अब खुले टकराव में बदलती दिख रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत में अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया है और आधिकारिक तौर पर ICC से अनुरोध किया है कि उसके सभी मुकाबले भारत की जगह श्रीलंका में कराए जाएं।

बीसीबी का यह कदम उस फैसले के बाद आया है, जिसमें BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश देकर बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम से रिलीज कराया। यह निर्णय भारत–बांग्लादेश के बीच बिगड़ते कूटनीतिक माहौल और देश में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर बढ़ते विरोध के बीच लिया गया था। इसके बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर को तुरंत रिलीज कर दिया।पृष्ठभूमि में देखें तो बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण में भारत में चार मैच खेलने थे—तीन कोलकाता के ईडन गार्डेंस में और एक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में।

बीसीबी का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत में खेलने से खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक सहजता प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर उसने श्रीलंका को वैकल्पिक मेजबान के रूप में प्रस्तावित किया है।अब गेंद आईसीसी के पाले में है। यदि आईसीसी बांग्लादेश की मांग मान लेता है तो पूरे टूर्नामेंट के शेड्यूल में बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं, जो मेजबान भारत के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। दूसरी ओर, यदि मांग खारिज होती है, तो दोनों बोर्डों के बीच तनाव और बढ़ सकता है—जिसका असर सितंबर में प्रस्तावित भारत–बांग्लादेश सीरीज पर भी पड़ना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button