
Hockey India league: वेदांता कलिंगा लांसर्स ने शुक्रवार को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रांची रॉयल्स को 2-1 से पराजित कर पुरुष हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ लांसर्स ने टूर्नामेंट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन को आगे बढ़ाया।
कलिंगा लांसर्स की जीत के सबसे बड़े नायक अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स रहे। अनुभवी खिलाड़ी ने दो शानदार गोल दागकर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। हेंड्रिक्स की सटीक फिनिशिंग और निर्णायक क्षणों में दिखाई गई सूझबूझ ने रांची की रक्षापंक्ति को लगातार दबाव में रखा।
रांची रॉयल्स की ओर से मनदीप सिंह ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए एकमात्र गोल किया, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को बराबरी तक नहीं ले जा सकीं।मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज रफ्तार हॉकी खेली। हालांकि, कलिंगा ने मिडफील्ड पर बेहतर नियंत्रण और पेनल्टी कॉर्नर का प्रभावी उपयोग करते हुए बढ़त बनाई। रांची ने दूसरे हाफ में आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन लांसर्स की सधी हुई डिफेंस ने उन्हें बड़े मौके बनाने से रोके रखा।
इससे पहले दिन के एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद तूफांस ने एचआईएल जीसी को 2-0 से हराकर क्वालीफायर-2 में प्रवेश किया। हैदराबाद के लिए शिलानंद लाकड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16वें और 39वें मिनट में गोल दागे, जिससे उनकी टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।
अब हैदराबाद तूफान्स रविवार को क्वालीफायर-2 में उतरेगी, जहां उसकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी। वहीं एचआईएल जीसी सोमवार को तीसरे और चौथे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में खेलेगी।





