
Wesley so wins blitz title: अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने रविवार को कोलकाता में खेली गई टाटा स्टील शतरंज इंडिया ब्लिट्ज ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दौर का खेल शेष रहते ओपन वर्ग का खिताब जीत लिया। जबकि रैपिड वर्ग का खिताब जीतने वाले भारत के निहाल सरीन दूसरे स्थान पर रहे।
ओपन वर्ग में वेस्ली सो ने 12 अंक के साथ खिताब अपने नाम किया जबकि सरीन के नाम 11 अंक रहे। भारत के ही अर्जुन एरिगेसी 11 अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहे। वेस्ली सो ने भारत के विदित गुजराती को हराया। वेई यी ने भारत के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद को शिकस्त दी जो आठ अंक के साथ आठवें नंबर पर रहे। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने हेन्स नीमैन को हराया।
सरीन ने भी अहम मुकाबले में आनंद को हराया जबकि वेस्ली सो ने वेई यी को बराबरी पर रोका। एरिगेसी ने भी आनंद को शिकस्त दी जबकि वेस्ली सो ने अरविंद चिदंबरम के खिलाफ मुश्किल में घिरे होने के बावजूद ड्रॉ के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी। हेन्स के साथ ड्रॉ खेलने के साथ वेस्ली सो का खिताब सुनिश्चित हुआ। वह हालांकि अंतिम बाजी हार गए।
महिलाओं में अमेरिका की कारिसा यिप ने रोमांचक प्ले ऑफ में खिताब जीता। भारत की वंतिका अग्रवाल उप विजेता रहीं। टाईब्रेक में वंतिका ने कारिसा के खिलाफ पहली बाजी गंवा दी जिसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने दूसरी बाजी ड्रॉ करके खिताब अपने नाम किया।






