Allक्रिकेट

Match Fixing: अमेरिका के बल्लेबाज आरोन जोन्स को आईसीसी ने सस्पेंड किया

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को अमेरिका के बल्लेबाज आरोन जोन्स को 2023-24 में बारबाडोस में आयोजित बीआईएम10 लीग के दौरान कथित मैच फिक्सिंग के आरोपों के चलते अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही जोन्स पर भ्रष्ट तरीके से संपर्क किए जाने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को न देने और जांच में सहयोग नहीं करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के खिलाड़ी आरोन जोन्स पर क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) और आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के तहत कुल पांच आरोप लगाए गए हैं। आईसीसी के अनुसार, आरोन जोन्स को तत्काल प्रभाव से सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। उन्हें 28 जनवरी 2026 से 14 दिनों के भीतर इन आरोपों पर अपना जवाब देना होगा।

सीडब्ल्यूआई कोड के तहत पहला आरोप मैच फिक्सिंग से जुड़ा है, जिसमें किसी मैच के परिणाम, प्रगति या किसी अन्य पहलू को अनुचित रूप से प्रभावित करने या ऐसा करने की साजिश में शामिल होने की बात कही गई है। दूसरा आरोप भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने के लिए किए गए संपर्कों या निमंत्रणों की जानकारी क्रिकेट वेस्टइंडीज को न देने से संबंधित है। तीसरा आरोप नामित भ्रष्टाचार रोधी अधिकारी द्वारा की जा रही जांच में सहयोग न करने का है।

इसके अलावा, आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट (एसीयू) की जांच में बाधा डालने से जुड़े दो अन्य आरोप भी जोन्स पर लगाए गए हैं। आईसीसी ने यह भी संकेत दिया कि यह जांच व्यापक स्तर पर चल रही है और आने वाले समय में अन्य प्रतिभागियों के खिलाफ भी आरोप लगाए जा सकते हैं।

31 वर्षीय न्यूयॉर्क में जन्मे आरोन जोन्स अमेरिका के लिए 52 वनडे और 48 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने आखिरी बार अप्रैल 2025 में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। जोन्स 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका की ऐतिहासिक सुपर-8 तक पहुंचने वाली टीम का भी हिस्सा थे।

Related Articles

Back to top button