Allअन्य खेल

Malaysia Open: सिंधू आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्य और आयुष हारे

Sindhu advanced to quarter final: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने गुरुवार को शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। चोट के कारण लंबे समय तक प्रतिस्पर्धी खेल से दूर रहने के बाद वापसी कर रहीं पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली जापान की आठवीं वरीय तोमोका मियाजाकी को सीधे गेमों में हराकर अपनी बेहतरीन लय का संकेत दिया।सिंधू ने महज 33 मिनट में मियाजाकी को 21-8, 21-13 से पराजित किया।

यह जापानी किशोरी के खिलाफ उनकी दूसरी जीत रही, जिससे दोनों के बीच करियर रिकॉर्ड सिंधू के पक्ष में 2-1 हो गया। मुकाबले में सिंधू का दबदबा शुरू से ही साफ नजर आया। पहले गेम में उन्होंने 5-1 की बढ़त लेने के बाद लगातार 13 अंक हासिल कर स्कोर 18-4 तक पहुंचा दिया और बिना किसी परेशानी के गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में मियाजाकी ने कुछ देर संघर्ष जरूर किया और 8-9 से पिछड़ने के बाद मुकाबले में लौटने की कोशिश की, लेकिन सिंधू ने अपने अनुभव और सटीक शॉट चयन का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए 17-11 की निर्णायक बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने मैच को जल्द ही समाप्त कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।अब अंतिम आठ में सिंधू का सामना चीन की गाओ फांग जी और जापान की तीसरी वरीय अकाने यामागुची के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

हालांकि भारतीय पुरुष खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा। लक्ष्य सेन को प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग-चीन के ली चेउक यिउ से 53 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 15-21 से हार झेलनी पड़ी। वहीं युवा आयुष शेट्टी चीन के शीर्ष वरीय शी यू क्यूई के खिलाफ कड़े संघर्ष के बावजूद 70 मिनट में 18-21, 21-18, 12-21 से मुकाबला गंवा बैठे।

Related Articles

Back to top button