Allअन्य खेल

Tata Steel Masters: गुकेश को ब्लूबाउम से फिर हार, प्रज्ञानानंदा को मिली पहली जीत

नीदरलैंड्स के विज्क ऑन जी शहर में खेले जा रहे टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का संघर्ष जारी है। विश्व चैंपियन डी गुकेश को नौवें दौर में जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जबकि अर्जुन एरिगैसी अमेरिका के हैंस मोके नीमन के खिलाफ 22 चालों में ड्रॉ खेलने पर मजबूर हुए। गुकेश के लिए यह टूर्नामेंट अब तक निराशाजनक रहा है।

सफेद मोहरों से खेलते हुए उन्होंने बिशप्स ओपनिंग अपनाई, लेकिन यह दांव उनके खिलाफ चला गया। ब्लूबाउम ने आक्रामक और कल्पनाशील खेल दिखाते हुए गुकेश के हल्के रंग के बिशप को जाल में फंसा दिया। इसके बाद जर्मन खिलाड़ी ने मामूली मोहरे के बदले रूक जीतकर निर्णायक बढ़त बना ली और 37वीं चाल में गुकेश ने हार मान ली।

दूसरी ओर, शीर्ष वरीय अर्जुन एरिगैसी एक बार फिर जीत की लय नहीं पकड़ सके। इंग्लिश ओपनिंग से खेलते हुए उन्होंने स्थिति को जटिल बनाने की कोशिश की, लेकिन नीमन ने सटीक खेल दिखाया। शुरुआती बढ़त के बाद खेल जल्द ही दोहराव की स्थिति में पहुंच गया और दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ स्वीकार कर लिया। टूर्नामेंट में उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव छह अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। उन्होंने अपने हमवतन जावोखिर सिंदारोव के साथ ड्रॉ खेला। सिंदारोव 5.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जहां उनके साथ जॉर्डन वान फोरेस्ट और 14 वर्षीय यागिज़ कान एरदोगमुस भी शामिल हैं।

प्रज्ञानानंदा ने अरविंद चिदंबरम को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की, हालांकि वह भी चार अंकों के साथ निचले क्रम में बने हुए हैं। चार दौर शेष रहते टूर्नामेंट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए शीर्ष की दौड़ कठिन होती नजर आ रही है।

Related Articles

Back to top button