Allक्रिकेट

T-20 World Cup: युवराज समरा का ऐतिहासिक शतक बेकार, फिलिप्स–रविंद्र ने न्यूजीलैंड को पहुंचाया सुपर 8 में

न्यूजीलैंड ने कनाडा को 8 विकेट से हराया, टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले एसोसिएट्स देश के दूसरे बल्लेबाज बने युवराज सामरा

NZ vs CAN: टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मुकाबले में 19 वर्षीय युवराज समरा ने इतिहास रचते हुए टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया, लेकिन उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कनाडा को 29 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत के विश्व कप विजेता युवराज सिंह के नाम पर रखे गए समरा ने अपने नाम को सार्थक करते हुए 65 गेंदों में 110 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और छह छक्के शामिल थे। कप्तान दिलप्रीत बाजवा (36) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी कर उन्होंने कनाडा को मजबूत शुरुआत दिलाई। कनाडा ने चार विकेट पर 173 रन बनाए, जो इस टूर्नामेंट में उसका दूसरा सर्वोच्च स्कोर रहा। यह पहली बार है जब किसी एसोसिएट देश के बल्लेबाज ने टी20 विश्व कप में शतक लगाया है।

हालांकि न्यूजीलैंड की शुरुआत लड़खड़ाई और उसने टिम सीफर्ट (6) व फिन एलन (21) के विकेट जल्दी गंवा दिए, लेकिन इसके बाद फिलिप्स और रविंद्र ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। फिलिप्स ने 36 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें चार चौके और छह छक्के शामिल थे। उन्होंने मात्र 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर न्यूजीलैंड की ओर से सबसे तेज टी20 विश्व कप अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया।

रविंद्र ने भी 39 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाकर उनका बखूबी साथ निभाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 146 रन की अटूट साझेदारी हुई। न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में दो विकेट पर 176 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। चार मैचों में छह अंकों के साथ कीवी टीम ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर रही और अगले चरण में पहुंच गई।

Related Articles

Back to top button