HIL: हरमनप्रीत और सविता फिर संभालेंगे सूरमा क्लब की कमान

Hockey India League:स्टार ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह (Harmanpreet singh) और अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया (Savita Punia) एक बार फिर आगामी हॉकी इंडिया लीग (Hockey India league) में सूरमा हॉकी क्लब (Soorma Hockey club)की पुरुष और महिला टीमों की कप्तानी करते नजर आएंगे। इसके साथ ही मिडफील्डर सलीमा टेटे (Salima Tete)को महिला टीम की उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (India Men’s Hockey team) के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम की अगुवाई को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि सूरमा जैसी टीम का नेतृत्व करना हमेशा खास होता है। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में तीसरे स्थान पर रहना टीम की क्षमता और संतुलन को दर्शाता है। इस प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम के पास ऐसा संयोजन है जो किसी भी मजबूत प्रतिद्वंद्वी को चुनौती दे सकता है।
महिला वर्ग में सूरमा का प्रदर्शन भी पिछले सत्र में शानदार रहा था। टीम उपविजेता रही थी और इस सफलता में कप्तान सविता पुनिया और उपकप्तान सलीमा टेटे की भूमिका अहम रही थी। दोनों खिलाड़ियों के अनुभव और नेतृत्व कौशल ने टीम को पूरे टूर्नामेंट में मजबूती दी थी।
आगामी सत्र में सूरमा की महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 दिसंबर को रांची में श्राची रार बंगाल टाइगर्स के खिलाफ करेगी। वहीं पुरुष टीम चार जनवरी को चेन्नई में अपने पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन श्राची रार बंगाल टाइगर्स से भिड़ेगी।
एचआईएल का पुरुष टूर्नामेंट चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में खेला जाएगा, जबकि महिलाओं के सभी मुकाबले रांची में आयोजित होंगे। अनुभवी कप्तानों के नेतृत्व में सूरमा हॉकी क्लब इस बार भी खिताब की दौड़ में मजबूत चुनौती पेश करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।






