Formula-1: सान मरीनो में सड़क हादसे का शिकार हुए मर्सिडीज के ड्राइवर किमी एंटोनेली, सुरक्षित बचे

फॉर्मूला 1 ड्राइवर किमी एंटोनेली सान मरीनो स्थित अपने घर के पास एक सड़क हादसे में शामिल हुए, लेकिन राहत की बात यह है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनकी टीम मर्सिडीज ने मंगलवार को पुष्टि की कि यह दुर्घटना शनिवार रात हुई और इसमें कोई अन्य वाहन शामिल नहीं था।
मर्सिडीज की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हम पुष्टि करते हैं कि किमी शनिवार रात सान मरीनो में अपने घर के पास एक यातायात दुर्घटना में शामिल थे। पुलिस को स्वयं किमी ने सूचना दी थी। दुर्घटना में केवल उनकी कार शामिल थी। वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किमी पूरी तरह सुरक्षित हैं। इटली के स्पोर्ट्स डेली ‘ला गजेट्टा डेलो स्पोर्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक मर्सिडीज सुपरकार सान मरीनो सुपरस्त्रादा पर एक रिटेनिंग वॉल से टकरा गई। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
एंटोनेली हाल के वर्षों में उभरते हुए एफ1 प्रतिभाओं में शामिल रहे हैं और मर्सिडीज टीम के साथ उनका जुड़ाव भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस घटना के बावजूद उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई चिंता नहीं है।इस बीच, फॉर्मूला 1 का प्री-सीजन परीक्षण कार्यक्रम बुधवार से बहरीन में जारी रहेगा।
टीम मर्सिडीज ने स्पष्ट किया है कि इस हादसे का एंटोनेली के रेस कार्यक्रम या परीक्षण सत्र पर कोई असर नहीं पड़ेगा।दुर्घटना की खबर सामने आने के बाद प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि तेज़ रफ्तार खेल से जुड़े ड्राइवरों के लिए सड़क हादसे भी गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल, जांच जारी है और टीम एंटोनेली की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किए हुए है।






