Hardik stuns Wasim Jaffer : हार्दिक पांड्या सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी अपने स्टाइल और स्वैग के लिए जाने जाते हैं। उनका आत्मविश्वास, फैशन सेंस और बेफिक्र अंदाजा अक्सर सुर्खियां बटोरता है। हाल ही में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने हार्दिक से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया, जिसने फैंस का खूब ध्यान खींचा।
दूरदर्शन के शो ‘द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो’ में बातचीत के दौरान जाफर ने बताया कि जब वह पंजाब किंग्स के कोच थे और मोहाली में मुंबई इंडियंस का मुकाबला था, तब हार्दिक पांड्या टॉस से महज 30–45 मिनट पहले पिच देखने पहुंचे थे।
जाफर ने मुस्कुराते हुए कहा, हार्दिक काउबॉय हैट, हीरे की अंगूठी और करीब 12–13 करोड़ रुपये की घड़ी पहनकर आए थे। उनका अंदाज ऐसा था जैसे कोई मल्टी-करोड़ का सुपरस्टार चलकर आ रहा हो। उन्होंने आगे बताया कि हार्दिक कुछ ही मिनटों में पिच देखने के बाद सीधे टॉस के लिए निकल गए और फिर मैदान पर उतरकर खेलने लगे। उनके चेहरे पर ज़रा भी घबराहट नहीं थी। वो पूरी तरह रिलैक्स और कॉन्फिडेंट थे। यही है हार्दिक पांड्या का असली स्वैग।





