Champions League: विनीसियस के कमाल से रीयल मैड्रिड अंतिम 16 में, पीएसजी और अटलांटा भी आगे
पहले चरण के बाद विनीसियस ने बेनफिका के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी पर नस्लीय टिप्पणी का आरोप लगाया था। हालांकि उन्होंने विवाद को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन से जवाब दिया और गोल का जश्न कॉर्नर फ्लैग के पास मनाया।

चैंपियंस लीग फुटबॉल में ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने एक बार फिर निर्णायक भूमिका निभाते हुए रीयल मैड्रिड को अंतिम 16 में पहुंचा दिया। बेनफिका के खिलाफ दूसरे चरण के मुकाबले में उन्होंने 80वें मिनट में टीम का दूसरा गोल दागकर 2-1 की जीत सुनिश्चित की। पहले चरण में 1-0 से जीत दर्ज कर चुकी रीयल मैड्रिड ने कुल 3-1 के स्कोर के साथ अगले दौर में जगह बनाई।
बेनफिका ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और 14वें मिनट में राफा सिल्वा के गोल से कुल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। लेकिन महज दो मिनट बाद ऑरेलियन चोउमेनी ने गोल कर मैच का संतुलन फिर से मैड्रिड के पक्ष में झुका दिया। अंत में विनीसियस के गोल ने मुकाबले पर मुहर लगा दी।
पहले चरण के बाद विनीसियस ने बेनफिका के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी पर नस्लीय टिप्पणी का आरोप लगाया था। हालांकि उन्होंने विवाद को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन से जवाब दिया और गोल का जश्न कॉर्नर फ्लैग के पास मनाया।
अन्य मुकाबलों में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन ने मोनाको को कुल 3-2 से हराकर खिताब बचाने की उम्मीदें कायम रखीं। दोनों टीमों के बीच दूसरा चरण 2-2 से ड्रॉ रहा, जिससे पीएसजी को बढ़त का फायदा मिला। इटली की उम्मीदों को अटलांटा ने जिंदा रखा। उसने बोरुसिया डॉर्टमुंड को दूसरे चरण में 4-1 से हराकर कुल 4-3 के स्कोर के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।
वहीं युवेंटस को गैलाटासराय के खिलाफ दूसरे चरण में 3-2 की जीत के बावजूद कुल 7-5 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया। चैंपियंस लीग के प्लेऑफ चरण में इन मुकाबलों ने रोमांच और विवाद दोनों का मिश्रण पेश किया, लेकिन अंततः रियाल मैड्रिड और पीएसजी जैसी दिग्गज टीमें आगे बढ़ने में सफल रहीं।





