
NZ vs SL: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया। इस हार के साथ श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, हालांकि उसे अभी एक मैच और खेलना है।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही टीम 20 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी और उसके बाद भी बल्लेबाज लय नहीं पकड़ सके। मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया और पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर केवल 107 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे रचिन रवींद्र, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट 27 रन देकर झटके। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और विविधताओं के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं सके।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए। एक समय टीम 75 रन पर दो विकेट की मजबूत स्थिति में थी, लेकिन अचानक बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया और स्कोर 84 रन पर छह विकेट हो गया। इस दौरान तीन विकेट बिना कोई रन जोड़े गिर गए।
ऐसे संकट के समय कप्तान मिशेल सैंटनर ने 47 रन की अहम पारी खेली, जबकि कोल मैककॉन्ची ने नाबाद 31 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दोनों के बीच साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी और संतुलित प्रदर्शन ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। इस जीत से कीवी टीम के आत्मविश्वास में जबरदस्त इजाफा हुआ है और अब वह सेमीफाइनल की दावेदारों में मजबूती से शामिल हो चुकी है।





