Champions League Football : चैंपियंस लीग में बुधवार को लीग चरण के अंतिम दौर में जोस मोरिन्हो ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरीं। अपने पूर्व क्लब रीयल मैड्रिड के खिलाफ उनकी बेनफिका ने 4-2 की यादगार जीत दर्ज कर न सिर्फ मैड्रिड को नौवें स्थान पर धकेल दिया, बल्कि खुद भी टूर्नामेंट में बने रहने में सफल रही। मैच का निर्णायक क्षण स्टॉपेज टाइम में आया, जब बेनफिका के गोलकीपर अनातोली ट्रूबिन ने हेडर से गोल दागकर पुर्तगाली क्लब को प्लेऑफ में पहुंचा दिया। इस हार के साथ रीयल मैड्रिड को इस सत्र की तीसरी पराजय झेलनी पड़ी। अब उसे दो चरणों वाले नॉकआउट प्लेऑफ से गुजरना होगा।
बुधवार को ही खेले गए एक अन्य मुकाबले में टोटेनहम हॉटस्पर ने जर्मनी में आइंट्राख्ट फ्रैंकफर्ट को 2-0 से हराकर सीधे अंतिम-16 में जगह बना ली। दूसरे हाफ में रैंडल कोलो मुआनी और डॉमिनिक सोलांके के गोल से स्पर्स ने मुकाबला अपने नाम किया। कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बावजूद टोटेनहम ने पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा। 36 टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई करना थॉमस फ्रैंक की टीम के लिए घरेलू प्रतियोगिताओं में खराब प्रदर्शन के बीच बड़ी राहत साबित हुआ।
मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन और न्यूकैसल यूनाइटेड को भी सीधे क्वालीफिकेशन का मौका नहीं मिला। दोनों टीमों के बीच पार्स दे प्रिंस में खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। चौथे मिनट में ओस्मान डेम्बेले का पेनल्टी चूकने के बाद विटिन्हा ने पीएसजी को बढ़त दिलाई, लेकिन पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में जो विलॉक ने न्यूकैसल के लिए बराबरी कर दी। इस नतीजे के बाद पीएसजी और न्यूकैसल दोनों ही प्लेऑफ राउंड में जाएंगे। पीएसजी का हालिया फॉर्म निराशाजनक रहा है, जिसने अपने पिछले पांच यूरोपीय मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है।
आर्सेनल ने इतिहास रचते हुए लीग चरण के सभी आठ मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बन गई। गनर्स ने कजाखस्तान के कैरात अल्माटी को 3-2 से हराकर तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। पहले से ही अंतिम-16 में जगह पक्की कर चुके मिकेल आर्टेटा की टीम को नॉकआउट दौर के दूसरे चरण में घरेलू मैदान का फायदा भी मिलेगा। आर्टेटा ने कहा, “मैं खिलाड़ियों पर गर्व करता हूं। टूर्नामेंट के पहले चरण में हमारा प्रदर्शन शानदार रहा।”






