Allटेनिस
Trending

Australian Open: रिबाकिना बनीं मेलबर्न पार्क की नई रानी, सबालेंका को हराकर जीता महिला सिंगल्स का खिताब

Rybakina crown women’s champion at Australian Open: एलेना रिबाकिना ने आखिरकार वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसकी तलाश में वह पिछले कई वर्षों से थीं। पांचवीं वरीय कज़ाख खिलाड़ी ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल में विश्व नंबर एक एरिना सबालेंका को तीन सेटों के कड़े मुकाबले में हराकर मेलबर्न पार्क की नई रानी बनने का गौरव हासिल किया।

रॉड लेवर एरीना में बंद छत के नीचे खेले गए इस हाई-वोल्टेज फाइनल में रिबाकिना ने 6-4, 4-6, 6-4 से जीत दर्ज की। मुकाबला दो घंटे 18 मिनट तक चला और दर्शकों को शुरुआत से अंत तक जबरदस्त रोमांच देखने को मिला।

पहले सेट में रिबाकिना ने अपनी ताकतवर सर्विस और आक्रामक बेसलाइन गेम के दम पर बढ़त बनाई। हालांकि दूसरे सेट में सबालेंका ने जोरदार वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में रिबाकिना ने धैर्य और संयम का शानदार प्रदर्शन किया और महत्वपूर्ण मौकों पर आक्रामक शॉट्स लगाकर मैच अपने नाम किया।मैच के दौरान रिबाकिना ने कुल 28 विनर्स लगाए और दबाव के क्षणों में खुद को शांत रखा। यह उनका पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब और करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है।

इससे पहले उन्होंने 2022 में विम्बलडन जीतकर अपना पहला मेजर खिताब हासिल किया था।तीन साल पहले इसी मंच पर सबालेंका के हाथों खिताब से चूकने वाली रिबाकिना ने इस जीत के साथ पुराना हिसाब भी चुकता कर लिया। यह जीत न केवल उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, बल्कि महिला टेनिस में उनकी मजबूत मौजूदगी की भी पुष्टि करती है।

Related Articles

Back to top button