Vijay Hazare Trophy: एक ही दिन में दो बार टूटा सबसे तेज शतक का रिकार्ड, बिहार ने 574 रन बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

Vijay Hazare Trophy:विजय हजारे ट्राफी में बुधवार का दिन रिकार्ड के नाम रहा। कुल 19 मैचों में 21 शतक लगे तो बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के विरुद्ध 574 रन बनाकर विश्व रिकार्ड बना डाला। इतना ही नहीं विजय हजारे ट्राफी में एक ही दिन सबसे तेज शतक लगने का रिकार्ड भी दो बार टूटा।
पहले बिहार के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया तो उसके बाद इशान किशन ने महज 33 गेंद में कर्नाटक के विरुद्ध शतक जड़ा। इसके कुछ देर बाद ही बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद में शतक जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक जड़ने का रिकार्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकार्ड पंजाब के अनमोलप्रीत के नाम था, जिन्होंने 2024 में अरुणाचल के विरुद्ध 35 गेंद में शतक लगाया था।
इस प्रारूप में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर मैकगर्क (29 गेंद) के नाम पर दर्ज है। उन्होंने 2023-24 के सत्र में दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था।
वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (31 गेंद) के नाम पर है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में यह कारनामा किया था।
बिहार का विश्व रिकार्ड : युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और कप्तान साकिबुल गनी की अगुवाई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के विरुद्ध छह विकेट पर 574 रन बनाए, जो लिस्ट ए में एक पारी में सर्वाधिक स्कोर का नया विश्व रिकॉर्ड है। प्लेट ग्रुप के इस मैच में बिहार के बल्लेबाजों ने अरुणाचल प्रदेश के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
गनी (40 गेंदों में 128 रन) ने महज 32 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले सूर्यवंशी ने 84 गेंद पर 190 रन बनाए जिसमें 16 चौके और 15 छक्के शामिल हैं। उन्होंने केवल 36 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। विकेटकीपर आयुष लोहारुका ने भी 56 गेंदों में 116 रन बनाकर अपना योगदान दिया। बिहार ने अपनी पारी में 49 चौके और 38 छक्के लगाए। सूर्यवंशी, गनी और लोहारुका के शतकों की बदौलत बिहार ने
तमिलनाडु के लिस्ट ए में सर्वाधिक स्कोर के पिछले रिकार्ड को तोड़ दिया। तमिलनाडु में नवंबर 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही दो विकेट पर 506 रन बनाए थे।






