Allक्रिकेट

Aus vs Eng: तीसरे एशेज टेस्ट में घुटनाें पर इंग्लैंड, जीत से चार विकेट दूर ऑस्ट्रेलिया

Aus vs Eng Third Ashes Test:इंग्लैंड की एशेज सीरीज में बने रहने की उम्मीदों को शनिवार को बड़ा झटका लगा, जब अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की घातक गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टेस्ट में जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। एडिलेड में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में रिकॉर्ड 435 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी उस समय लड़खड़ा गई, जब लियोन ने एक ही स्पेल में लगातार तीन अहम विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में मोड़ दिया। अब ऑस्ट्रेलिया को इस टेस्ट और पांच मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के लिए केवल चार विकेट की दरकार है, जबकि इंग्लैंड को चमत्कारिक बल्लेबाजी की जरूरत है।


लियोन ने पहले उपकप्तान हैरी ब्रूक (30) को क्लीन बोल्ड किया, फिर कप्तान बेन स्टोक्स (5) को भी अपनी फिरकी में फंसाया और इसके बाद अच्छी लय में दिख रहे सलामी बल्लेबाज़ जैक क्रॉली (85) को स्टंप आउट कर इंग्लैंड के खेमे में खलबली मचा दी। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 207 रन बना लिए थे और वह अभी भी लक्ष्य से 228 रन पीछे था।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 371 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में उसने 349 रन जोड़कर इंग्लैंड के सामने विशाल लक्ष्य रखा। इंग्लैंड की पहली पारी 286 रन पर सिमटी थी। दूसरी पारी में क्रॉली और ब्रूक ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर स्कोर को तीन विकेट पर 109 से 177 तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद लियोन ने गेंद संभालते ही इंग्लैंड की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने महज आठ रन देकर तीन विकेट झटके, जिससे इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 194 हो गया।


इंग्लैंड की शुरुआत दूसरी पारी में भी अच्छी नहीं रही थी और टीम एक समय दो विकेट पर 31 रन पर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद जो रूट (39) और क्रॉली ने तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने लंच से पहले बेन डकेट (4) को आउट किया और लंच के बाद ओली पोप (17) को मार्नस लाबुशेन के शानदार स्लिप कैच के जरिए पवेलियन भेजा। चाय के तुरंत बाद कमिंस ने जो रूट को आउट किया, जो टेस्ट क्रिकेट में 13वीं बार रूट को उनका शिकार बना।


इससे पहले दिन की शुरुआत में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पूरी कोशिश की कि सीरीज़ को जीवित रखा जा सके। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 271 रन से आगे बढ़ाई, लेकिन आखिरी छह विकेट सिर्फ 11 ओवरों में 38 रन जोड़कर गंवा दिए। ट्रैविस हेड (170) और एलेक्स कैरी (72) के बीच पांचवें विकेट के लिए 162 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसे जोश टंग ने हेड को आउट कर तोड़ा। इसके बाद स्टोक्स और अन्य गेंदबाजों ने तेजी से विकेट चटकाए।

Related Articles

Back to top button