
Washington sunder ruled out remaing two ODI: न्यूजीलैंड के विरुद्ध चल रही वनडे सीरीज के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के चोट के कारण बाहर होने के बाद अब ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी न्यूजीलैंड से होने वाले बाकी दो वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं।
रविवार को खेले गए पहले वनडे के दौरान वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड की पारी के बीच में ही मैदान से बाहर चले गए और वापस मैदान पर नहीं लौटे। परेशानी के बावजूद वह बाद में नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने केवल पांच ओवर ही गेंदबाजी की थी।
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने बताया था कि वॉशिंगटन को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन होगा। बीसीसीआइ सूत्रों के अनुसार, वाशिंगटन का स्कैन कराया गया है। उनकी पसली में दर्द है और मेडिकल टीम ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसलिए वह बचे हुए दो वनडे मैचों में भी नहीं खेलेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे बुधवार को राजकोट और तीसरा वनडे रविवार को इंदौर में खेला जाएगा।






