Moto GP: बारिश ने बिगाड़ा होंडा का बड़ा प्लान, 2027 के 850cc इंजन का पहला टेस्ट रहा अधूरा

Rain Disrupts Honda’s Crucial First Test: होंडा (Honda Racing) के लिए मोटोजीपी (MotoGP) के नए युग की तैयारी का पहला बड़ा कदम मौसम की भेंट चढ़ गया। सेपांग इंटरनेशनल सर्किट (sepang international circut) पर 2027 में लागू होने वाले नए 850cc इंजन के साथ होंडा का पहला टेस्ट लगातार तीन दिन हुई भारी बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित रहा। Motorsport.com के अनुसार, खराब मौसम के चलते होंडा अपनी सबसे अहम योजना सूखे हालात में प्रतिनिधि और विश्वसनीय डेटा जुटाने में सफल नहीं हो सकी।
होंडा रेसिंग कॉरपोरेशन (HRC) की टेस्ट और विकास टीम क्रिसमस ब्रेक से पहले वर्ष के आखिरी टेस्ट के लिए मलेशिया पहुंची थी। यह टेस्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि 2027 के नए तकनीकी नियमों के तहत यह इंजन पहली बार ट्रैक पर उतारा गया। हालांकि, तीनों दिन रुक-रुक कर हुई बारिश ने ट्रैक को गीला बनाए रखा और सूखी परिस्थितियों में बहुत सीमित रनिंग ही संभव हो पाई।
सूत्रों के मुताबिक, होंडा के टेस्ट राइडर ताकाकी नाकागामी (Takaki Nakagami) ने एक पारंपरिक बाइक पर सीमित एयरोडायनामिक पैकेज के साथ 850cc इंजन को आज़माया। उन्होंने 2027 के लिए पिरेली द्वारा विकसित किए जा रहे गीले और सूखे दोनों तरह के टायर कंपाउंड्स का परीक्षण किया। पिरेली 2027 से मिशेलिन की जगह मोटोजीपी का आधिकारिक टायर सप्लायर बनेगा। हालांकि, नाकागामी सूखे ट्रैक पर बहुत कम लैप पूरे कर सके, जिससे होंडा को ड्राय कंडीशन में इंजन और टायर के व्यवहार को लेकर ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
सेपांग टेस्ट होंडा के लिए इसलिए भी अहम था क्योंकि यह D-लेवल कंसेशन्स के तहत आखिरी बड़ा मौका था। 2025 सीजन में बेहतर प्रदर्शन के चलते होंडा अब ग्रुप C में पहुंच गई है, जिसके बाद 2026 से उसकी टेस्टिंग स्वतंत्रता सीमित हो जाएगी। इसके तहत टीम को टायरों की संख्या पर रोक, निजी टेस्ट पर पाबंदी और सीमित आधिकारिक टेस्टों पर निर्भर रहना होगा।
अब होंडा की योजना विकास कार्य को दो हिस्सों में बांटने की है। अलेइक्स एस्पार्गारो 2026 के लिए मौजूदा RC213V के अंतिम संस्करण पर काम करेंगे, जबकि नाकागामी नए RC214V यानी 2027 प्रोजेक्ट पर ध्यान केंद्रित करेंगे। बदलते नियमों और सीमित टेस्टिंग के बीच होंडा के लिए आने वाला दौर बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।






